छुरिया (राजनांदगांव)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने का मामला सामने आया है। एक यूजर @Nishuazad11 द्वारा मां दुर्गा, मां सरस्वती, भगवान शिव पर की गई अभद्र एवं अशोभनीय टिप्पणी से स्थानीय हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में सर्व हिंदू समाज, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल प्रखंड छुरिया ने थाना प्रभारी छुरिया को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जिसमें विहिप बजरंग दल प्रखंड संयोजक कमलेश पटेल, सह संयोजक मोनेश साहू, विहिप प्रखंड अध्यक्ष रमेश पड़ोती, सह गौ-रक्षा प्रमुख जीवन यादव, गौसेवक राकेश सिन्हा, त्रिलोक पटेल, टिकेश्वर रजक, योगराज, दनेन्द्र, दुर्गा प्रसाद, लोकेश एवं अन्य उपस्थित थे।
पुलिस को दिए ज्ञापन में बताया गया है कि X पर Nishu Azad (@Nishuazad11) नामक आईडी से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री पोस्ट की गई है। सर्व हिंदू समाज और विहिप-बजरंग दल का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणी समाज में आपसी सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से की गई है, जिसकी वे कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। शिकायत के साथ पुलिस को संबंधित आपत्तिजनक पोस्ट के लिंक भी साक्ष्य के तौर पर सौंपे गए हैं।
संगठनों ने थाना प्रभारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आईडी धारक के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाए और कड़ी कार्रवाई हो। पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा त्वरित और कठोर कदम उठाया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी समुदाय के आराध्य का अपमान करने का दुसाहस न कर सके।
