सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, गैंदाटोला थाने में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक तिलक यदु एवं रमीज कुरैशी के खिलाफ अंततः अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। जानकारी अनुसार रमीज कुरैशी छात्रा को पास करवाने के बदले सम्बन्ध बनाने का दबाव बनाता था और शिक्षक तिलक यदु पर आरोप है कि रमीज़ कुरैशी यह काम शिक्षक तिलक यदु के कहने पर कर रहा था। जानकारी के अनुसार रमीज कुरैशी अपने मोबाइल से ही छात्रा के पास स्वयं से सम्बन्ध बनाने का मैसेज भेजता था ; रमीज कुरैशी से पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उसने शिक्षक तिलक यदु पर आरोप लगाया कि वह यह मैसेज शिक्षक के कहने पर भेजता था ; रमीज कुरैशी फरार है एवं तलाश जारी है। छात्रा द्वारा की गई शिकायत पर पुलिस ने FIR क्रमांक 0057/26 के तहत आरोपी शिक्षक के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि पीड़िता ने एक सितंबर को ही थाने में लिखित शिकायत दे दी थी, लेकिन राजनीतिक और प्रशासनिक खींचतान के कारण एफआईआर दर्ज होने में चार दिनों का समय लग गया।
सूत्रों का कहना है कि शिकायत दर्ज होते ही आरोपी को बचाने और मामले को दबाने का खेल शुरू हो गया था। क्षेत्र के स्थानीय नेताओं के साथ-साथ कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा भी पीड़िता और उसके साथ आईं महिलाओं पर शिकायत वापस लेने और समझौते का चौतरफा दबाव बनाया जा रहा था। लगातार बनते दबाव के बीच, शुक्रवार को महिलाएं छात्रा को लेकर सीधे जिला मुख्यालय पहुंचीं और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कीर्तन राठौर को पूरे घटनाक्रम की आपबीती सुनाई। एएसपी के कड़े रुख और हस्तक्षेप के बाद ही शुक्रवार देर रात थाना गैंदाटोला में औपचारिक मामला दर्ज किया जा सका।
दर्ज प्रकरण के अनुसार, आरोपी शिक्षक तिलक यदु स्कूल में हिंदी और सामाजिक विज्ञान पढ़ाता है और पीड़िता को पिछले तीन सालों से परेशान कर रहा था। FIR में उल्लेख है कि तीन वर्ष पूर्व जब छात्रा नौवीं कक्षा में थी, तब आरोपी शिक्षक ने सह-आरोपित रमीज (गैंदाटोला के पूर्व सरपंच खलील अहमद कुरैशी का बेटा) के जरिए तथा सोशल मीडिया पर संदेश भेजकर परीक्षा में पास कराने के बदले शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
