डोंगरगाँव : क्षेत्र में गौवंश के अवैध परिवहन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पवित्र सावन माह में, जो करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा हुआ है, तस्कर बेखौफ होकर गौवंशों की तस्करी में लिप्त हैं। इसी क्रम में बजरंग दल डोंगरगांव के गौरक्षा दल ने मुस्तैदी दिखाते हुए गौवंशों से खचाखच भरी एक अशोक लेलैंड गाड़ी को रंगे हाथों पकड़ा और वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस प्रशासन के सुपुर्द कर दिया।
छत्तीसगढ़ में 'कृषक पशु परिरक्षण कानून' लागू होने के बावजूद इस तरह खुलेआम मवेशियों का अवैध परिवहन होना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। कानून के कड़े प्रावधानों के बाद भी तस्करों में पुलिस का कोई भय नजर नहीं आ रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों और गौरक्षकों में भारी रोष है।
डोंगरगांव और आसपास के मार्गों से लगातार अवैध तस्करी की शिकायतें आ रही हैं। इसके बावजूद संवेदनशील मार्गों पर प्रशासन द्वारा अब तक किसी कड़े या स्थायी चेकपोस्ट की व्यवस्था नहीं की गई है। बजरंग दल और स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मुख्य मार्ग पर तत्काल प्रभाव से सख्त चेकिंग व्यवस्था लागू की जाए और पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
