राजनांदगाँव । जिला अस्पताल बसंतपुर इन दिनों मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों के सामान की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा में है। यहाँ अपने 9 माह के मासूम का इलाज कराने आए एक लाचार पिता की बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से पीड़ित न्याय के लिए पुलिस के चक्कर काट रहा है।
खून-पसीने की कमाई ले उड़े चोर :-
ग्राम मंगरधोखरा निवासी खिलेश साहू अपने बच्चे के इलाज के लिए 30 मार्च को जिला अस्पताल आए थे। उन्होंने अपनी Splendor Plus (CG08 W 1124) पार्किंग में खड़ी की थी, जो 31 मार्च की रात चोरी हो गई। पीड़ित ने बताया कि यह बाइक उन्होंने बड़ी मुश्किल से पैसे जोड़कर खरीदी थी। 1 अप्रैल को बसंतपुर थाने में सूचना देने के बाद भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल :-
जिले में SP अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिसिंग को लेकर बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जिला अस्पताल बसंतपुर परिसर से वाहन चोरी होना सुरक्षा में बड़ी चूक की ओर इशारा करता है। 3 अप्रैल को थाने पहुँचने पर पीड़ित को 'जाँच जारी है' का आश्वासन तो मिला, लेकिन धरातल पर परिणाम शून्य रहा। ऐसे में सवाल उठता है कि सार्वजनिक स्थानों पर जनता की संपत्ति कितनी सुरक्षित है?

