राजनांदगांव : जिले में कौशल विकास और रोजगार के नाम पर मासूम हितग्राहियों को गुमराह करने का एक बड़ा और गंभीर मामला सामने आया है। 'शाही' (Shahi) नामक एक संस्था द्वारा जिले की युवतियों को धोखे से राज्य के बाहर भेजने की साजिश रची जा रही थी। मामले की भनक लगते ही राजनांदगांव जिला प्रशासन और सहायक संचालक (जिला कौशल विकास प्राधिकरण) ने कड़ा रुख अपनाते हुए संस्था को 'कारण बताओ नोटिस' थमा दिया है और ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी है।
रायपुर बुलाकर बैंगलोर भेजने का था प्लान :-
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन ने 'शाही' संस्था को राजनांदगांव जिले में केवल 'मोबिलाइजेशन' (हितग्राहियों को जागरूक करने) की अनुमति दी थी। लेकिन संस्था ने इस अनुमति का घोर दुरुपयोग किया। संस्था के लोगों ने जिले की 6-7 महिला हितग्राहियों को प्रशिक्षण का झांसा देकर पहले रायपुर बुलाया। जब ये युवतियां रायपुर पहुंचीं, तो उन्हें अचानक बताया गया कि उन्हें ट्रेनिंग और रोजगार के लिए बैंगलोर (कर्नाटक) भेजा जा रहा है।
बिना किसी पूर्व सूचना और प्रशासन की अनुमति के राज्य से बाहर भेजने की इस बात से युवतियां बुरी तरह घबरा गईं और वहां से वापस अपने घर लौट आईं।
