छुरिया (राजनांदगांव) : छुरिया ब्लॉक के बम्हनी और नांदिया रोड के बीच आज शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से एक 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 24 फरवरी 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे की है। किडकाड़ी टोला निवासी 17 वर्षीय अजय कुमार अपनी मोटरसाइकिल से सफर कर रहा था। तभी बम्हनी के आगे और तालाब के ठीक पहले, नांदिया रोड पर उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार में होने के कारण युवक सड़क पर गिर गया और उसे सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अजय कुमार को छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि तुरंत अस्पताल पहुंच गए। जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, मंडल भाजपा छुरिया के अध्यक्ष कांता प्रसाद साहू और टीकम साहू ने मौके पर पहुंचकर डॉक्टरों से घायल युवक की स्थिति की जानकारी ली।
छुरिया अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन अंदरूनी और गंभीर चोटों को देखते हुए स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। अस्पताल में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेहतर इलाज के लिए घायल अजय कुमार को तुरंत राजनांदगांव रेफर करवाया, ताकि उसकी जान बचाई जा सके। फिलहाल युवक का इलाज जारी है।



