छुरिया : कांग्रेसियों के बीच से पीएम का पुतला लेकर भागा भाजपा नेता आमिर खान, भड़के कांग्रेसियों का थाने में धरना

छात्र समुदाय के समर्थन और शीर्ष कांग्रेस नेताओं (राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष) की गिरफ्तारी के विरोध में छुरिया में आयोजित कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में भारी सियासी बवाल देखने को मिला। यहां प्रधानमंत्री का पुतला दहन करने जुटे कांग्रेसियों के हाथों से एक भाजपा नेता पुतला छीनकर भाग निकला, जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई।

पुतला लेकर भागा भाजपाई, देखते रह गए कांग्रेसी, प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में छुरिया में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और प्रधानमंत्री के पुतला दहन का कार्यक्रम तय था। कांग्रेसी कार्यकर्ता पुतला जलाने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक भाजपा नेता आमिर खान वहां पहुंचे और फुर्ती दिखाते हुए कांग्रेसियों के बीच से पीएम का पुतला छीनकर ले भागे। मौके पर मौजूद कांग्रेसी इस अचानक हुए घटनाक्रम को बस देखते ही रह गए।

भाजपा-कांग्रेस में भिड़ंत, पुलिस ने कराया शांत पुतला छीने जाने की इस घटना से कांग्रेसी बुरी तरह आक्रोशित हो गए और वहां मौजूद अन्य भाजपा नेताओं से उनकी तीखी झड़प हो गई। दोनों गुटों में बढ़ती तनातनी और हाथापाई की नौबत को देखते हुए मौके पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बीच-बचाव कर मामले को किसी तरह शांत कराया।

दोबारा पुतला दहन और थाने का घेराव इस हंगामे के कुछ देर बाद कांग्रेसियों ने फिर से प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और अपना विरोध दर्ज कराया। घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में एक बड़ी आक्रोश रैली निकाली जो सीधे पुलिस थाने पहुंची। फिलहाल, कांग्रेसी कार्यकर्ता पुतला लूटने वाले भाजपा नेता आमिर खान के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठ गए हैं और पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।

Previous Post Next Post

Contact Form